जमशेदपुर : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जमशेदपुर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया. इस दौरान उपायुक्त ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया, जिसे सभागार में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ दोहराया. इस अवसर पर उपायुक्त ने संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है. संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के मूल्यों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक पदाधिकारी एवं कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)

जिला अंतर्गत सभी सरकारी कार्यालयों, प्रखंड कार्यालयों में भी पूर्वाह्न 11:00 बजे संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया. सभी संबंधित कार्यालयों में पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए संविधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की. संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य संविधान के मूल आदर्शों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को और सुदृढ़ करना है.















