जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर की विभिन्न बस्तियों में जगह-जगह लटकते बिजली के तार, जर्जर तारों की मरम्मत में लापरवाही, घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहना तथा शिकायत करने पर संबंधित अधिकारियों द्वारा फोन तक नहीं उठाना आम जनता के लिए गंभीर परेशानी का विषय बन चुका है. बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होना और डीवीसी के संबंधित अधिकारियों की उदासीनता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
इन्हीं जनसमस्याओं को लेकर 28 नवंबर शनिवार को डीवीसी कार्यालय बिरसानगर का घेराव एवं विशाल धरना-प्रदर्शन भाजपा बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम के माध्यम से डीवीसी प्रबंधन के समक्ष जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा तथा जर्जर एवं खुले बिजली के तारों को अविलंब बदलने, नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने एवं बिजली व्यवस्था की समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की जाएगी.















