जमशेदपुर : जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर स्थित जेवियर पब्लिक स्कूल में गुरुवार को संविधान दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विद्यार्थियों में संविधान के महत्व को समझाने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता लाने तथा एकता और अखंडता की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से अनेक शैक्षणिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं जैसे स्लोगन, ड्राइंग,क्विज आदि का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. कार्यक्रम का शुभारंभ एक ज्ञानवर्धक स्पीच से हुआ, जिसके माध्यम से बच्चों को संविधान के महत्व, उसकी विशेषता तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के विषय में बताया गया. (नीचे भी पढ़ें)

तत्पश्चात कुछ बच्चों ने संविधान एवं राष्ट्रीय एकता से जुड़े सुंदर चित्र बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया. इसके पश्चात कुछ बच्चों ने प्रेरणादायक नारों के माध्यम से समानता, न्याय और भाईचारे का संदेश दिया तो कुछ बच्चों ने क्विज के माध्यम से अपने ऐतिहासिक ज्ञान व त्वरित सोचने की क्षमता को प्रदर्शित किया, जिसमें विजयी प्रतिभागियों ऋषभ कुमार श्रीवास्तव, युवराज सिंह, प्रिंस कुमार, अयान कुमार और आयुष कुमार भगत को पुरस्कृत कर उनका मनोबल बढ़ाया गया. इस प्रकार यह पूरा कार्यक्रम सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.















