जमशेदपुर : केंद्र सरकार के खिलाफ आयकर विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों का आंदोलन बढ़ता जा रहा है. इस कड़ी में आयकर विभाग के अधिकारियों ने अपनी मांग को लेकर दोपहर के लंच आवर में प्रदर्शन किया. आयकर कर्मचारी महासंघ, जमशेदपुर ने गैर-राजपत्रित संवर्गों के कर्मचारियों के कैरियर में लंबे समय से व्याप्त ठहराव को समाप्त करने तथा एमटीएस एवं कर सहायक संवर्ग के कर्मचारियों की पदोन्नति सुनिश्चित करने के लिए तत्काल पदों के अस्थायी स्थानांतरण की मांग की है. महासंघ का कहना है कि विभिन्न संवर्गों में पदोन्नति के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में कर्मचारी वर्षों से एक ही पद पर कार्य करने के लिए विवश हैं. इसका प्रतिकूल प्रभाव कर्मचारियों के कैरियर, मनोबल एवं कार्यक्षमता पर पड़ रहा है. आयकर कर्मचारी महासंघ, जमशेदपुर ने मांग की है कि गैर-राजपत्रित संवर्गों में उपलब्ध रिक्त पदों का प्रशासनिक आवश्यकता के अनुरूप अस्थायी स्थानांतरण किया जाए, ताकि पात्र एमटीएस एवं कर सहायक कर्मचारियों को पदोन्नति का अवसर मिल सके और उनके कैरियर में लंबे समय से चला आ रहा ठहराव समाप्त हो. (नीचे भी पढ़ें)
महासंघ का स्पष्ट मत है कि पदोन्नति का अवसर कर्मचारियों के लिए केवल आर्थिक लाभ का विषय नहीं है, बल्कि यह उनके सम्मानजनक कैरियर, मनोबल और सेवा-संतुष्टि से भी जुड़ा हुआ है. वर्षों तक पदोन्नति की प्रतीक्षा करना कर्मचारियों के साथ न्यायसंगत नहीं है. आयकर कर्मचारी महासंघ ने केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड से मांग की है कि गैर राजपत्रित संवर्गों में पदों के अस्थायी स्थानांतरण की प्रक्रिया को तत्काल आगे बढ़ाया जाए, ताकि एमटीएस एवं कर सहायक संवर्ग के पात्र कर्मचारियों को शीघ्र पदोन्नति का लाभ मिल सके. इनकम टैक्स ऑफिसर्स एसोसिएशन के शाखा सचिव के श्रीनिवासन ने यह कहा कि कर्मचारियों की जायज़ मांगों के समाधान के लिए संगठन एकजुट, लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगा. नरेंद्र कुमार कर्ण ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी को साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर हमारी 12 सूत्री मांगें पूरी नहीं किया जाता है तो अगले चरण के आंदोलन का रुपरेखा तैयार किया जाएगा. कार्यक्रम को सफल बनाने में आयकर कर्मचारी महासंघ के नरेंद्र कुमार कर्ण, आयकर विभाग ऑफिसर्स एसोसिएशन के सचिव प्रवीण चौहान, शाखा सचिव गौरव कुमार, सुजित कुमार, घनश्याम चौबे, बिरमल हांसदा, अंजलि लकड़ा, सुखदेव सिंह, केपी राम, दीपक कुमार, उज्जवल तिवारी, बिजय सिंह एवं सैकड़ों के संख्या में जेसीए के लोगों ने सफल बनाया.















