सोनुवा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना अंतर्गत बालजोड़ी गांव में एक बुजुर्ग की घरेलू विवाद में अधिक मात्रा में दवा खाने से मौत हो गई. मृतक की पहचान मंगल बारला (60 वर्षीय) के रूप में हुई है. मृतक की पहली पत्नी नंदी बारला के अनुसार, शुक्रवार देर शाम मंगल का किसी बात को लेकर दूसरी पत्नी के साथ विवाद हो गया था. विवाद के बाद गुस्से में आकर उसने घर में रखा दवा अधिक मात्रा में खा लिया, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई. (नीचे भी पढ़े)
परिजनों ने तुरंत उसे सोनुवा अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. देर रात के लगभग 11 बजे मंगल सिंह को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रात के लगभग 1 बजे उसकी मौत हो गई. शनिवार को मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. बाद में परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार भी कर दिया.












