
जमशेदपुर : सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में दीपावली मेला का आयोजन किया गया है. यह दो दिवसीय आयोजन मारवाड़ी युवा मंच की सुरभि शाखा के सौजन्य से किया गया है, जो मंगलवार को आरंभ हुआ. मेला की विधिवत शुरुआत कोल्हान के आयुक्त ब्रजभूषण ने अपनी पत्नी के साथ किया. लोग यहां 24 अक्तूबर तक खरीददारी कर सकेंगे. मेले में तरह-तरह के आकर्षक दीये, मिट्टी के बर्तन व खिलौने, मोमबत्ती आदि विभिन्न स्टॉल्स पर उपलब्ध है. इसे खरीदने के लिए समाज के विभिन्न वर्गों को लोगों की भीड़ उमड़ रही है. उल्लेखनीय है कि चैंबर की ओर से हर वर्ष यहां इस मेला का आयोजन किया जाता है, ताकि ग्राहकों को तय व वाजिब दर पर दीये आदि मिल जाये. साथ ही मिट्टी के दीये, बर्तन, खिलौने बनाने वाले कारीगरों को भी उचित बाजार व उनके सामान का उचित मूल्य मिल सके. इस दीप मेला का मुख्य उद्देश्य पारम्परिक कुम्हार द्वारा बनाये गए दिए, स्वदेशी एवं हटकरधा निर्मित दिवाली में उपयोग आने वाली वास्तु को प्रोत्साहित करना है. यहां पारम्परिक कुम्हार, मूक-बघिर संस्था, रोटरी क्लब एवं कई उपकारी एवं हितैषी संस्थाओ ने अपने स्टॉल लगाए है. कोल्हान के आयुक्त ब्रिज भूषण ने अपने सम्बोधन में कहा कि उनके द्वारा पदभार ग्रहण करने के पश्चात् उनका यह पहला उदघाटन है और वे इस कार्य से बहुत संतुष्ट महसूस कर रहे है. इस मेले में घूमकर उन्होंने कई वस्तुओ की खरीददारी की और इस प्रयास की प्रशंसा भी की. इस मेला के सहभागी के तौर पर मारवाड़ी युवा मंच – सुरभि शाखा रही है. इस मौके पर चेंबर के अध्यक्ष अशोक भलोटिया एवं निर्वतमान अध्यक्ष सुरेश सोंथालिआ ने अपने विचार रखें. मंच संचालन महासचिव भरत वसानी ने किया. धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने किया. इस मौके पर उपाध्यक्ष मानव केडीए, नितेश धूत, सचिव सत्यनारायण अग्रवाल, अनिल मोदी, महेश सोंथलिया एवं कार्यकारिणी सदस्य विनोद शर्मा, मृणाल कांति दास, भरत मकानी, सांवर शर्मा, मनोज अग्रवाल, अंकित गोयल, अजय चेतानी, कृष्णा अग्रवाल, पवन शर्मा, अनिल चौधरी, राहुल चौधरी, सूरज भदानी, बीएन शर्मा समेत अन्य मौजूद थे. मारवाड़ी युवा मंच-सुरभि शाखा का प्रतिनिधित्व अध्यक्ष पारुल चेतानी ने किया.



