
जमशेदपुर : टाटा स्टील में मैट्रिक पास निबंधित कर्मचारी पुत्रों की बहाली के लिए फार्म वितरण का काम मंगलवार से शुरू कर दिया गया. मंगलवार से शुरू हुए फार्म के वितरण को लेकर लंबी कतार लग चुकी है. फार्म भरने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गयी है. निबंधित कर्मचारी पुत्र फार्म ऑनलाइन या ऑफलाइन फार्म भर सकेंगे. फॉर्म भरने के लिए जिनका जन्मतिथि 1 मार्च 1979 से 1 मार्च 2003 (दोनों तिथियां समाहित) के बीच होना चाहिए. फार्म वितरण के लिए चार काउंटर बनाए गये हैं. इनमें साकची गरमनाला स्थित टेक्नीकल इंस्टीट्यूट में दो, लेबर ब्यूरो स्थित काउंटर संख्या-9 में एक तथा ट्यूब डिवीजन में एक काउंटर बनाया जाएगा. फार्म वितरण का समय सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक तथा दोपहर 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक निर्धारित किया गया है. फार्म लेने के लिए साथ में रजिस्ट्रेशन स्लीप, सर्विस बुक या कार्यरत इंप्लाइ के निबंधित पुत्र को मेडिकल बुक लाना होगा. फार्म लेने के लिए कोरोना संक्रमण को लेकर काउंटर के पास सोसल डिस्टेंसिंग के मद्देनजर मार्क कर दिया गया है. प्रथम वर्ष 175, दूसरे साल 175 तथा तीसरे साल 150 निबंधित कर्मचारी पुत्रों की बहाली होगी.
बहाली का यह है पैमाना
बहाली को लेकर नया पैमाना तय किया गया है. इसके तहत मैट्रिक पास अंग्रेजी में होना अनिवार्य है. इसको लेकर इंग्लिश और हिंदी में अंग्रेजी में परीक्षा ली जायेगी. कलर ब्लाइंड नहीं होना चाहिए. मेडिकल फिटनेस जरूरी है. जो बहाल हो जायेगा, उसको तीन साल तक ट्रेनीज के तौर पर रहना होगा. उनको एक साल का फाउंडेशन कोर्स कराया जायेगा. सेमी स्किल्ड का झारखंड सरकार द्वारा तय न्यूनतम वेतनमान के आधार पर उनको हर माह स्टाइपेंड दिया जायेगा. फाउंडेशन कोर्स होने के बाद चयनित अभ्यर्थी को ट्रेनिंग करायी जायेगी. ट्रेनिंग के दौरान किसी तरह का गलत काम करते पकड़े जाने पर उसका निष्कासन भी कर दिया जायेगा. ट्रेनिंग में बहाल किये गये व्यक्ति का एसेसमेंट भी कराया जायेगा. ट्रेनिंग का समय पार होने के बाद उनको नये वेज सिरीज में बहाली की जायेगी. 23 मार्च 2021 से 15 अप्रैल तक फार्म मिलेगा. ऑनलाइन फार्म भरने के लिए आवेदक को https://tslhr.tatasteel.co.in/recruit/AppList.aspx पर जाकर फार्म भरना है, जो 24 मार्च 2021 से 30 अप्रैल 2021 तक खुला रहेगा. 30 अप्रैल तक सारे रआवेदकों को फार्म जमा कर दिया जाना है. फार्म जहां वितरित किया गया है, वहां ही फार्म जमा भी लिया जायेगा. इसके लिए आवेदक को मैट्रिक का सर्टिफिकेट, मैट्रिक का मार्कशीट, रजिस्ट्रेशनस स्लिप का फोटो कॉपी, आधार कार्ड, उच्च शिक्षा का सर्टिफिकेट, कर्मचारी का सर्विस सर्टिफिकेट, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी सर्टिफिकेट को जमा करना जरूरी है. अगर किसी का दस्तावेज गलत पाया गया तो उनका आवेदन को रिजेक्ट कर दिया जायेगा.


