जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा स्थित धर्माबांधा में मंगलवार देर रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान गीता मंडल (40) के रूप में हुई है. आरोप है कि उनके पति बापी मंडल ने विवाद के दौरान खलबट्टे से सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गीता मंडल को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति बापी मंडल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बापी मंडल डिमना रोड क्षेत्र में एक होटल संचालित करता है. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार बापी और गीता दोनों की यह दूसरी शादी थी. बापी के दो बच्चे हैं, जबकि गीता भी अपने पूर्व पति से अलग रह रही थीं. पुलिस को दिए गए बयान में बापी ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से गीता की बारीडीह निवासी एक युवक से फोन पर बातचीत को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था. इसी बात को लेकर पहले भी कई बार दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. मामला उलीडीह थाना तक पहुंचा था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था. मंगलवार रात एक बार फिर इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि गुस्से में आकर बापी मंडल ने खलबट्टे से गीता के सिर पर वार कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है.





