जमशेदपुर : झारखंड उच्च न्यायालय ने 4 मई को याचिकाकर्ता राकेश कुमार झा की रिट पिटीशन संख्या 2078/ 2018 में जमशेदपुर अक्षेस को निर्देश दिया था कि वह उच्च न्यायालय के 2011 के अनुपालन का स्टेटस रिपोर्ट दायर करे.. अक्षेस ने दायर स्टेटस रिपोर्ट में अदालत को बताया है कि उसने उच्च न्यायालय के 2011 के आदेश का कोई अनुपालन पिछले 12 वर्षों में नर्हीं किया है पर अनुपालन करने का वचन देती है. इस प्रकार अक्षेस ने अदालत की खुली अवमानना की है. याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्र सरकार की शहरी विकास मंत्रालय के 2016 के मॉडल बिल्डिंग बाइलॉज के मुताबिक 300 से 3000 वर्गमीटर भूखंड वाले जगहों में 75% से 33% तक निर्माण की तथा 100 से 200% एफएआर यानी फ्लोर एरिया रेसिओ की अनुमति है. इस रूप से जमशेदपुर में कोई भी निर्माण जी +3 से अधिक की नहीं हो सकती है. (नीचे भी पढ़े)
दूसरी ओर झारखंड बिल्डिंग बाइलॉज ने निर्माण को सड़क की चौड़ाई से जोड़ रखा है जिसके मुताबिक सड़क की चौड़ाई 20 से 24 फीट होने की स्थिति जी +4 से उंची इमारतें जमशेदपुर में नहीं बन सकती हैं. इसके अलावे जमशेदपुर में भूकंप के खतरे के मद्देनजर बेसमेंट नहीं बन सकता है और कॉमर्शियल इस्तेमाल के लिए बने भवनों में कुल भूखंड का दोगुना पार्किंग की जगह बनानी है यानी अगर भूखंड 1500 वर्ग मीटर है तब 3000 वर्गमीटर पार्किंग की जगह बनानी होगी. जमशेदपुर में लगभग 1246 अवैध निर्माण हुए हैं जिसमें सारे बिल्डरों ने 33% से 50% निर्माण की जगह 100% – 110% निर्माण किया है, जी+3 की जगह जी+7 तक निर्माण हुए हैं, पार्किंग की जगहों को कॉमर्शियल इस्तेमाल के लिए बेच दी गयी है. अवैध तरीके से बेसमेंट बने हैं. टीके कॉम्प्लेक्स, बिस्टुपुर जैसी कंपनियों को मल्टीपल पार्किंग स्थल बनाने के लिए जमीन दी गयी थी जिसका उल्लंघन कर उसने सारे जमीन पर कॉमर्सियल काम्प्लेक्स बनाया है और निर्माण में सड़क की जमीन को भी कब्जा कर लिया है जिसकी वजह से गाड़ियां उस बिल्डिंग के बाहर सीधे सड़क पर खड़ी की जाती है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि पार्किंग की जगहों को कॉमर्शियल युनिट के रूप में बेचने के चलते शहर की सड़के पार्किंग की जगहों में तब्दील हो गयी है और सड़क पर चलना दूभर हो गया है. ऊपर से अक्षेस ने सड़कों को ऑक्सन कर उसे अवैध कमाई का जरिया बना लिया है. उन्होंने कहा कि अक्षेस और उपायुक्तों की जिम्मेदारी थी अवैध निर्माण नहीं होने देने की पर इनलोगों ने अवैध निर्माण रोकने की जगह बनने में मदद की और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया. ज्ञातव्य है कि शहर की 15725 एकड़ जमीन को पहले 1984 में बिहार सरकार और 2005 में झारखंड सरकार ने अवैध तरीक़े से टाटा स्टील को लीज कर दिया. शहर में टाटा स्टील ने गंदे पानी और मल निकास के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर बनाये, अतः टाटा स्टील उपायुक्तों की अनुमति से बिल्डरों को सबसे पहले परमिट देती है. दस्तावेजों के अध्ययन से पता चला है कि उपायुक्तों ने राजनीतिक दबाव में क्योंकि अवैध निर्माणों में राजनेताओं के अवैध पैसों का भी निवेश हुआ है और भ्रष्टाचार कर टाटा स्टील को बिल्डिंग बाईलाज का उल्लंघन कर परमिट देने को कहा, जिसमें अक्षेस ने भ्रष्टाचार कर हेरफेर किये और शहर में अवैध निर्माणों का जाल बिछ गया. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि अक्षेस ने खुद स्वीकार किया है कि उसके पास अक्युपेंसी और कम्प्लीशन प्रमाण पत्रों के लिए कुल 578 आवेदन आये जिसमें उसने सिर्फ 18 को अक्युपेंसी और कम्प्लीशन प्रमाण पत्र निर्गत किये यानी 560 भवनों को टाटा स्टील ने अवैध तरीके से बिना अक्युपेंसी और कम्प्लीशन प्रमाण पत्रों के उपायुक्तों के आदेश से बिजली और पानी का कनेक्शन दिया. उन्होंने बताया कि झारखण्ड बनने के 23 वर्षों में पहली बार 2022 में अक्षेस ने टाटा स्टील को बिना अक्युपेंसी और कम्प्लीशन प्रमाण पत्रों के बिजली पानी का कनेक्शन देने से मना किया है. उन्होंने ने कहा कि अक्षेस एक अवैध स्थानीय निकाय है और जमशेदपुर की जमीन लीज होने के चलते टाटा स्टील और उपायुक्त अवैधानिक और असंवैधानिक रूप से स्थानीय निकाय की भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के तमाम 1246 अवैध निर्माण गिराने पड़ेगे और नये निर्माण तत्काल बंद करना पड़ेगा वर्ना जमशेदपुर में रहने वाले लोगों की दैनंदिन जीवन बद से बदतर हो जायेगी. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि वे इन तमाम अवैधानिक और असंवैधानिक कारवाईयों और परिस्थितियों को उच्च न्यायालय के संज्ञान में एक पूरक हलफनामा द्वारा ला रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन तमाम अवैध निर्माणों को रोकने के लिए टाटा स्टील, उपायुक्त और अक्षेस जैसी संस्थाओं के अधिकारों को तुरंत समाप्त करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि शहर के बहुत लोगों ने उनसे संपर्क कर इस मामले मे हस्तक्षेप करने की बात कही है. उन्होंने कहा कि लोग उनके मार्फत भी अपने हलफनामा दायर कर सकते है और दूसरे अधिवक्ताओं की भी मदद ले सकते हैं. उन्होंने कहा कि बहुत से लोगों ने अक्षेस के खिलाफ सीधे रिट दायर करने के लिए संपर्क किया है और यह नया रिट जल्द ही उच्च न्यायालय दायर कर दिया जायेगा ताकि सारी सुनवाई एकसाथ हो सके.














