
आदित्यपुर:बीती रात आए जोरदार बारिश से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 4 स्थित भालोटिया कंपनी का चाहरदीवारी का एक बड़ा हिस्सा मोतीनगर के गली नंबर -1 में भरभरा कर गिर गया. कंपनी का दीवार कम्पनी के उत्तर दिशा में है, और दिवार से सट कर एक बड़ी आबादी निवास करती है. स्थानीय लोगों के अनुसार आधी रात होने के साथ मूसलाधार बारिश के कारण लोग गली में नहीं थे, जिससे किसी इंसानी जान का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन लोगों को माल का नुकसान झेलना पड़ रहा है. चाहर दीवारी के गिर जाने से मलबा लोगों के घरों के दरवाजे पर आ गया. तथा कई बिजली के पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं.

फिलहाल क्षेत्र में बिजली व्यवस्था रोक दी गई है. स्थानीय लोगों की माने तो दीवार गिरने का धमाका काफी जोरदार था. वहीं अहले सुबह वर्तमान पार्षद पति सचिन कुमार को प्रोफेसर रवि शंकर द्वारा सूचित किया गया जिसकी खबर मिलते ही सचिन कुमार नगर निगम के मजदूरों के साथ स्वयं भी सुरक्षा के साथ मलबा हटाने के काम पर लग गए. वही उन्होंने कहा कि शाम होने से पहले यह गली साफ हो जाएगी और बिजली भी बहाल कर दिया जाएगा. वहीं कंपनी प्रबंधन द्वारा लोगों के नुकसान के भरपाई करने का भरोसा दिलाया गया. प्रभावित लोगों ने बताया, कि आधी रात से ही चहारदीवारी टूट जाने के कारण पूरा पानी घर में प्रवेश कर गया. अब नगर निगम के मजदूर उनकी सहायता कर रहे हैं.




