आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत राम मड़ैया बस्ती के समीप 24 वर्षीय विवाहिता ने रेलवे पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. हालांकि स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. युवती को अंदरूनी चोटें आयीं हैं. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार युवती का ससुराल ओड़िशा में है. एक माह पूर्व युवती का पति उसे मायके छोड़ गया था. युवती का मायका आरआईटी थाना अंतर्गत मिरुडीह है. रविवार सुबह पति ने दूसरी शादी कर लेने की बात कहीं, जिससे युवती डिप्रेशन में आ गई, और रेलवे पुल से कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया. हालांकि स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को बचा लिया. उधर मामले की सूचना मिलते ही युवती के परिजन आदित्यपुर थाना पहुंचे. फिलहाल पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है.






