जमशेदपुर : जमशेदपुर के एनआईटी के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन का शव गुरुवार सुबह सोनारी के दोमुहानी से बरामद किया गया. शव मिलने के बाद परिजनों और एनआईटी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई. मीर तनवीर हसन पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के निवासी थे. जानकारी के अनुसार, रविवार को मीर तनवीर हसन अपने साथियों के साथ आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी स्थित खरकाई नदी के चेकडैम में स्नान करने गए थे. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए. घटना के बाद से एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई थी. रविवार शाम से शुरू किए गए सर्च अभियान के पांचवें दिन गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने सोनारी के दोमुहानी से उनका शव बरामद किया. सूचना मिलते ही परिजन और कॉलेज के छात्र मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. छात्र की मौत से एनआईटी जमशेदपुर में शोक का माहौल है. छात्रों ने नदी और चेकडैम जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है. घटना के बाद से परिजन भी प्रशासन के संपर्क में बने हुए थे.




