आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र के आसंगी चेक डैम में रविवार दोपहर नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर डूबे दो युवकों में से एक का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया. मृतक की पहचान बंता नगर (धोबोडुंगरी) निवासी 18 वर्षीय सोनू लोहार के रूप में हुई है. वहीं, मीरुडीह निवासी शुभम शर्मा का अब तक पता नहीं चल सका है और उसकी तलाश जारी है. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही बाइक से आसंगी चेक डैम पहुंचे थे. नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए. घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की गई. (नीचे भी पढ़ें)
रविवार शाम अंधेरा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा था. सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस व स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर दोबारा सर्च अभियान शुरू किया गया. अभियान के दौरान सोनू लोहार का शव बरामद कर लिया गया. वहीं, दूसरे युवक शुभम शर्मा की तलाश के लिए एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी है. घटना के बाद दोनों युवकों के परिवारों में चिंता का माहौल है.







