आदित्यपुर : एम टाइप दुर्गा पूजा मैदान परिसर में सोमवार को प्रवीण सिंह सेवा संस्थान की ओर से इस वर्ष के भव्य दुर्गा पूजा पंडाल निर्माण के लिए विधि-विधान के साथ भूमि पूजन हुआ. वर्ष 1980 से चली आ रही परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक थीम पर आधारित पंडाल तैयार किया जाएगा. संस्थान के संरक्षक एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि इस वर्ष लगभग 70 फीट ऊंचा ‘पुरानी हवेली’ थीम पर आधारित पंडाल बनाया जाएगा. पंडाल का बाहरी और आंतरिक स्वरूप लाइट ब्लैक रंग और मंदिर शैली के मिश्रण पर आधारित होगा. इसके भीतर और बाहर मां काली सहित विभिन्न देवी-देवताओं की कलात्मक मूर्तियां और आकर्षक सज्जा की जाएगी. निर्माण कार्य में कोलकाता के प्रसिद्ध कारीगर और लाइटिंग विशेषज्ञ जुटे हुए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि पूजा के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर भी जागरूक किया जाएगा. पंडाल परिसर में इन विषयों पर वॉल राइटिंग और मॉडल्स प्रदर्शित किए जाएंगे. मां पार्वती डेकोरेटर्स के संचालक अशोक कुमार डे ने बताया कि 60 से 70 फीट ऊंचे इस पंडाल के निर्माण पर लगभग 25 से 30 लाख रुपये खर्च होंगे. करीब 40 कारीगर दिन-रात निर्माण कार्य में जुटे हैं और महालया से पहले पंडाल पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा. भूमि पूजन के अवसर पर शशि शेखर, भगवान सिंह, जवाहर लाल सिंह, उमेश सिंह, संजय सिंह, इन्द्रजीत पांडेय, धनंजय कुमार, सुनील गुप्ता, अनुराग सिंह, जगदीश नारायण चौबे सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.




