सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला के आरआईटी थाना क्षेत्र के बाबा आश्रम रोड नंबर एस/5 में रहने वाला 18 वर्षीय इंटर छात्र पुष्पम राज मिश्रा बीते 29 सितंबर से लापता है. पुष्पम, निरंजन मिश्रा का इकलौता पुत्र है. वह फिलहाल अपने माता-पिता के साथ आदित्यपुर-2 में रहता था, जबकि मूल रूप से बिहार के मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र के पढ़वारा गांव का निवासी है. परिजनों के अनुसार, 29 सितंबर की शाम पुष्पम राज घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह कभी वापस नहीं लौटा. परिवार ने रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की, पर कोई सफलता नहीं मिली. (नीचे भी पढ़ें)
थक- हारकर परिजनों ने आरआईटी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है. पुलिस ने इलाके में छानबीन की है चूंकि युवक के पास मोबाइल नहीं है इसलिए उसे ट्रैक करने में परेशानी हो रही है फिर भी पुलिस अपने स्तर से हर संभव प्रयास कर रही है. पुष्पम इंटरमीडिएट का छात्र है और पढ़ाई में होनहार बताया जा रहा है. उसके लापता होने से परिवार सदमे में है. माता- पिता का रो- रोकर बुरा हाल है और घर में सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को पुष्पम राज मिश्रा के बारे में कोई जानकारी मिले, तो कृपया 8757753874 या 6201026125 पर संपर्क करें. परिवार को अब भी उम्मीद है कि उनका बेटा सुरक्षित लौट आएगा.











