आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में हुए जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रेम नायक को पुलिस ने गम्हरिया हाट-बाजार से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है. उसकी निशानदेही पर फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापामारी की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
शनिवार दोपहर करीब एक बजे बोलाइडीह शीतला मंदिर के समीप गोप पाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी. मृतक के भाई सोनू गोप ने पुलिस को दिए बयान में शिवम प्रामाणिक, शिबू, गणेश और प्रेम नायक पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाया है. परिजनों के अनुसार, सुबह गणेश और जगन्नाथ के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद प्रेम नायक जगन्नाथ को घर से बुलाकर ले गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच तेज कर दी. इसी क्रम में रविवार को गम्हरिया हाट-बाजार में छापामारी कर मुख्य आरोपी प्रेम नायक को गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है और जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
जगन्नाथ गोप की पत्नी का करीब डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका था. अब उनकी हत्या के बाद उनके आठ वर्षीय बेटे और दो वर्षीय बेटी के सिर से पिता का साया भी उठ गया है. इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है, जबकि पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.














