जमशेदपुर : जनता दल (यूनाइटेड) गोलमुरी मंडल के अध्यक्ष शमशाद खान के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने गोलमुरी थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की. ज्ञापन के माध्यम से गोलमुरी क्षेत्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई. ज्ञापन में कहा गया कि हाल के दिनों में गोलमुरी क्षेत्र में चोरी, छिनतई, रंगदारी, गोलीबारी तथा चाकूबाजी जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे व्यापारी, महिलाएं और आम नागरिक भयभीत हैं. जदयू ने आरोप लगाया कि अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस के कारण क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है. (नीचे भी पढ़ें)
पार्टी द्वारा ज्ञापन में हाल के दिनों में हुई कई प्रमुख घटनाओं का उल्लेख किया गया, जिनमें बंद घर में चोरी, व्यवसायी से रंगदारी की मांग, महिला से छिनतई, वाहन चालक पर हमला, गोलीबारी तथा सब्जी बाजार में रंगदारी वसूली के उद्देश्य से हवाई फायरिंग जैसी घटनाएं शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जदयू ने पुलिस प्रशासन से गोलमुरी क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त और टाइगर मोबाइल की 24 घंटे सक्रियता सुनिश्चित करने. चिह्नित अपराधियों एवं उनके संभावित ठिकानों पर विशेष छापामारी अभियान चलाने, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करने की मांग की गई है. शमशाद खान ने कहा कि यदि प्रशासन शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाता है, तो जनता दल (यूनाइटेड) आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य हो जाएगा.






