सरायकेला : पुलिस इंस्पेक्टर विनोद तिर्की ने बुधवार को आदित्यपुर थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है. उनका थाना कर्मियों ने पुष्पगुच्छ से स्वागत किया. विनोद तिर्की आदित्यपुर के पहले एसटी थानेदार हैं. आदित्यपुर के इतिहास में इससे पहले कोई भी थानेदार अनुसूचित जनजाति समुदाय का नहीं हुआ था. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि विनोद तिर्की बतौर थानेदार आदित्यपुर को कैसे चलाते हैं, क्योंकि यहां कई चुनौतियां हैं. सबसे बड़ी चुनौती ब्राउन शुगर के कारोबार पर नकेल कसने की होगी. (नीचे भी पढ़ें)
इससे पूर्व के थानेदार राजीव कुमार सिंह ने ब्राउन शुगर के कारोबार पर जबरदस्त नियंत्रण प्राप्त किया था, जिसकी चर्चा पूरे राज्य में होने लगी थी. मगर अचानक ही उनका तबादला कर दिया गया. ऐसे में ब्राउन शुगर कारोबारी कहीं फिर से अपनी जड़ें न जमा लें, इस पर बेहद बारीकी के साथ काम करने की जरूरत होगी. इसके साथ ही अपराधियों और अवैध धंधों पर अंकुश लगाना भी बड़ी चुनौती होगी. बता दें कि आदित्यपुर पूरे जिले का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण थाना है. एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने उनके कंधे पर बड़ी जवाबदेही डाली है. उनके भरोसे की कसौटी पर खरा उतरना भी बड़ी चुनौती होगी. हालांकि थाना प्रभारी के रूप में योगदान करने के बाद उन्होंने अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अपराध और अपराधियों के साथ कोई मुरव्वत नहीं की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि पूर्व थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह द्वारा ब्राउन शुगर के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जारी रखा जाएगा. किसी भी कीमत पर ब्राउन शुगर के कारोबारियों को पनपने नहीं दिया जाएगा. इसके लिए उन्होंने क्षेत्र के लोगों से भी पूर्व की तरह ही सहयोग की अपेक्षा की. मालूम हो कि बुधवार को एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने सरायकेला सर्किल इंस्पेक्टर के रूप में नितिन कुमार सिंह, चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर के रूप में रामचंद्र रजक एवं आदित्यपुर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर के रूप में विनोद तिर्की को कमान सौंपी है.



