
आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना में शांति समिति की बैठक हुई. इसमें छठ महापर्व शांति व सौहार्द्रपूर्ण मनाने के साथ ही इस दौरान कोविड नियमों का सख्ती से पालन करने पर चर्चा हुई. बैठक में समाजसेवी तथा पाजिटिव थाट और एथिक्स सेन्टर के संचालक रवीन्द्र नाथ चौबे ने कहा कि छठ पर्व पूर्ण पवित्रता का पर्व है. यानी बाहरी भीतरी दोनों को स्वच्छ बनाने का पर्व है. चूंकि महिलाओं के नेतृत्व में यह पर्व होता है और महिलाएं नियम को पूरे मनोयोग एवं निष्ठा से मनातीं है जो उनके स्वभाव का हिस्सा है इसलिए पवित्रता बनी रहती है. इस पर्व को जल स्त्रोत के पास मनाने की परंपरा है. इसलिए सभी पदाधिकारियों, नागरिकों और धनी वर्ग से अपील है कि आदित्यपुर को तीन ओर घेरने वाली बसे बड़ी जल स्त्रोत खरकाई नदी की तात्कालिक और दीर्घकालिक सफाई करने का संकल्प लिया जाए. विशेषकर नगर निगम को इसकी चुनौती स्वीकारनी चाहिए. बैठक में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर, उप मेयर, अपर नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी गम्हरिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं आदित्यपुर के समर्पित समाजसेवी उपस्थित थे.






