जमशेदपुर : जमशेदपुर से निकट, सरायकेला खरसावां जिलांतर्गत कपाली ओपी एवं ट्रैफिक पुलिस ने बुधवार को संयुक्त रूप से सघन मोटरसाइकिल जांच अभियान चलाया. इस दौरान विभिन्न चौक-चौराहों पर वाहनों की गहन जांच की गई. मोटरसाइकिल चालकों के कागजात, हेलमेट को लेकर जांच की गई. जांच में कई लोग बिना हेलमेट और अधूरे कागजात के वाहन चलाते पाए गए, जिन पर पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए लगभग 27 हजार रुपये का स्पॉट फाइन वसूला. (नीचे भी पढ़ें)
कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि अपराध और नशाखोरी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शेगी नहीं. साथ ही, उन्होंने लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें. ओपी प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हेलमेट पहनना, वैध कागजात रखना और नशे की हालत में वाहन न चलाना सभी के लिए अनिवार्य है. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान का उद्देश्य चालकों को अनुशासित करना और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है. स्थानीय लोगों ने अभियान का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से उन्हें सुरक्षा का भरोसा मिलता है. पुलिस-प्रशासन का मानना है कि कपाली क्षेत्र में नशाखोरी, अड्डेबाजी और अपराध की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाना जरूरी है. आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि लोग नियमों के पालन को लेकर और ज्यादा जागरूक हों.














