आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के आरआईटी थाना पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है. जहां पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस की गिरफ्त में आए युवक का नाम राकेश देवगम बताया जा रहा है जो मीरूडीह का रहने वाला है. युवक की निशानदेही पर चुराया गया ब्लू रंग का हीरो कंपनी का सुपर स्प्लेंडर बाइक जेएच05बीटी-9186 बरामद किया है. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सागर लाल महथा ने बताया कि बीते रविवार को शिकायतकर्ता दुखू हांसदा द्वारा बाइक संख्या जेएच05 बीटी9186 के चोरी जाने की शिकायत दर्ज कराई गयी थी. इसे तत्काल संज्ञान लेते हुए वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार छापेमारी टीम का गठन किया गया. गठित टीम द्वारा अभियुक्त राकेश देवगम के घर से चोरी गया मोटरसाइकिल को बरामद कर विधिवत जब्ती सूची बनाकर जब्त किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अभियुक्त से कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया कि बीते 21 मार्च को मिरूडीह जगदीश होटल के समीप से मोटरसाइकिल चोरी किया था. उन्होंने बताया कि गिरफ्त में आया युवक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. इसी महीने 3 अप्रैल को जमानत पर छूटा था. फिलहाल पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.



