जमशेदपुर: सरायकेला जिला के आरआईटी थाना अंतर्गत आदित्यपुर नेपाली बस्ती के रहने वाले अनिकेत शर्मा (17) ने शुक्रवार रात पत्नी के साथ हुए विवाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. हालांकि घटना के बाद आनन-फानन में उसे दोस्तों ने टीएमएच पहुंचाया,जहां इलाज के क्रम में शनिवार को उसकी मौत हो गई. सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया.मृतक अनिकेत शर्मा मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का रहने वाला था और उनका पूरा परिवार बिहार में ही रहता है. तीन माह पूर्व ही वह काम करने के लिए आदित्यपुर आया था.
मृतक के भाई सनी शर्मा ने बताया कि उनका और अनिकेत की कथित पत्नी का पूरा परिवार कोलकाता में रहता था. (नीचे भी पढे)

वहां अनिकेत और लड़की एक साथ पढ़ाई करते थे. इसके बाद अनिकेत काम करने के लिए झारखंड आ गया और उनका परिवार बिहार शिफ्ट हो गया. इधर, झारखंड में काम करने के दौरान अनिकेत उक्त लड़की से लगातार संपर्क में था. इसी बीच लड़की भाग कर उसके साथ रहने के लिए आदित्यपुर आ गई. दोनों विवाह करके यहां भाड़े के एक कमरे में रह रहे थे. इसी बीच शुक्रवार रात इनके बीच विवाद हुआ और अनिकेत ने फांसी लगाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली. घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है. इस मामले में पुलिस ने अस्वभाविक मौत का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच कर रही है. मृतक के भाई ने बताया फिलहाल पुलिस लड़की से थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है और रविवार को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है.



