पोटका: जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के हाड़तोपा पंचायत अंतर्गत मुर्गागुटु में ईंट भट्ठा में कार्य करने गई कोवाली थाना क्षेत्र के चाकड़ी गांव की युवती सविता सरदार(30 वर्ष) के संदेहास्पद मौत का मामला प्रकाश में आया है. युवती के परिजनों ने हत्या कर शव को फेंक दिए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है. इस संबंध में युवती के छोटे भाई प्राणबल्लव सरदार ने बताया कि उसकी बहन सविता जो कि मुर्गागुटु में किंग इंट भट्ठा में कार्य करने गांव के अन्य युवतियों के साथ दिसंबर माह में गई थी. सभी वही कार्य करते थे और भट्ठा के सामने ही एक कमरे में रहते थे. शुक्रवार रात को जादूगोड़ा थाना से उसे फोन आया कि उसकी बहन का शव पाया गया है जब वे वहां पहुंचे तो देखा कि भट्टा से लगभग 100 मीटर की दूरी पर उसकी बहन का शव अर्धनग्न अवस्था मे पड़ा हुआ है. उसने कहा कि उनकी बहन की हत्या कर शव को फेंक दिया गया है प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई करे .(नीचे भी पढ़े)
विधायक से मिल मृतक के परिजनों ने लगाई मदद की गुहार

पोटका : सविता सरदार के संदिग्ध हालात में मौत के बाद उसके परिजन रविवार को विधायक संजीव सरदार से मिले एवं मामले की पूरी जानकारी देते हुए मदद की गुहार लगाई .मृतक के परिजनों ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नही मिलता है तब तक वे मृतक के शव को नही लेंगे .विधायक ने मामले में पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी, मुसाबनी डीएसपी एवं जादूगोड़ा थाना प्रभारी से मोबाइल के माध्यम से वार्ता करते मामले की जांच कर अविलंब कारवाई एवं आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की.



