आदित्यपुर : झारखंड में नगर निकायों का चुनाव नहीं होने का खामियाजा नगर निकाय क्षेत्र की जनता को भुगतना पड़ रहा है. ऐसे में निवर्तमान हो चुके पूर्व जन प्रतिनिधि भी बेबस और लाचार नजर आ रहे हैं. हालांकि कुछ निवर्तमान जन प्रतिनिधि ऐसे भी हैं जो पावर नहीं रहने के बाद भी जनता के सुख-दुख में और जन मुद्दों को लेकर आम लोगों के साथ खड़े दिखते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

ऐसी ही एक जनप्रतिनिधि हैं नीतू शर्मा, जो आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 17 की निवर्तमान पार्षद हैं. नीतू पद नहीं रहने के बाद भी लगातार सक्रिय हैं और क्षेत्र की जनता के मुद्दों को लेकर हमेशा मुखर रहती हैं. रविवार को नीतू शर्मा ने अपने वार्ड के निवासियों की एक बैठक आयोजित की जिसमें पानी का मुद्दा जोर-शोर से उठा. इसके अलावा साफ-सफाई सड़क और नाली के मुद्दे पर भी जनता ने अपने विचार रखे और निकाय चुनाव नहीं कराए जाने को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी भी जताई. (नीचे भी पढ़ें)

वार्ड के लोगों ने बताया कि पार्षद रहते नीतू शर्मा ने हमेशा उनकी सुविधाओं का ख्याल रखा मगर अब हर सुविधाओं के लिए नगर निगम पर आश्रित होना पड़ता है. टैंकर द्वारा जलापूर्ति में भी अनियमित बरती जाती है. साफ-सफाई भी भगवान भरोसे हो रहा है. नालियों का बुरा हाल है. इस पर पूर्व पार्षद ने भरोसा दिलाया कि जब तक उनमें क्षमता है वह जनता के साथ खड़ी रहेंगी. उन्होंने कहा कि वार्ड 17 ड्राई जोन है. नगर निगम को इस पर ध्यान देने की जरूरत है. इस वार्ड में अविलंब पानी की व्यवस्था होनी चाहिए. इसके लिए नगर निगम के साथ वार्ता की जाएगी. जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा.



