Aditypur : जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में विकास भगवान भरोसे चल रहा है. नगर आयुक्त के पदस्थापन के बाद विकास कार्य और भी सुस्त पड़ गया है. कई योजनाओं का कार्य पेंडिंग है. जबकि विस चुनाव के पूर्व से ही मेयर और डिप्टी मेयर के साथ पार्षदों ने भी कार्यालय लगभग आना बंद कर दिया है. वहीं मेयर और डिप्टी मेयर भाजपा के प्रत्याशियों के लिए प्रचार- प्रसार में पूरी तरह से जुटे रहे. कमोबेश सभी पार्षद भी चुनाव में ही व्यस्त रहे. वहीं क्षेत्र के विकास कार्य लगभग ठप्प पड़े हुए हैं. क्षेत्र में गंदगी का अंबार लगा हुआ है मगर नियमित साफ-सफाई नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं कुछ पार्षदों का कहना है कि मेयर और डिप्टी मेयर के बीच सब कुछ ठीक-ठाक नहीं चल रहा है. दोनों के बीच शीतयुद्ध का खामियाजा क्षेत्र की जनता को उठाना पड़ रहा है. हालांकि खुले तौर पर अभी तक कोई भी विवाद सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है, लेकिन बीते चार-पांच महीनों से मेयर और डिप्टी मेयर एक साथ किसी कार्यक्रम में मंच साझा करते नहीं नजर आए. जिससे साफ हो गया है कि दोनों के बीच कुछ ना कुछ तो चल रहा है. हालांकि सारा विवाद उस वक्त से शुरू हुआ जब तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी दीपक सहाय के खिलाफ डिप्टी मेयर अमित सिंह ने 2 दर्जन पार्षदों के साथ मोर्चा खोला था. उस वक्त मेयर दीपक सहाय के साथ खड़े थे. उस वक्त से ही शुरू हुआ विवाद अब तक चला आ रहा है.





