
Jamshedpur : झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा आयोजित 11वीं की परीक्षा में मार्जिनल या असफल घोषित किये गये विद्यार्थी गुरुवार से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठ गये हैं. जानकारी के अनुसार इस परीक्षा में जिले में करीब 8 हजार समेत राज्य भर में करीब 49 हजार विद्यार्थी मार्जिनल या असफल घोषित किये गये हैं. इन विद्यार्थियों के लिए अखिल झारखंड छात्र संघ चरणबद्ध आंदोलन कर रहा है. इसी आंदोलन की कड़ी में अब जीने-मरने के प्रण के साथ संघ ने जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज परिसर में अनिश्चितकालीन अनशन आरंभ किया है.
अनशन का नेतृत्व कर रहे संघ के कोल्हान अध्यक्ष हेमंत पाठक ने बताया कि कॉलेज से लेकर जिला मुख्यालय, जैक, शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री तक से इन विद्यार्थियों के लिए कंपार्टमेंटल परीक्षा का आयोजन करने की मांग की गयी. लेकिन इस पर विचार नहीं किया जा रहा है. यदि कंपार्टमेंटल परीक्षा का आयोजन किया जाता है, तो 49 हजार में से अनेक विद्यार्थियों का एक साल बच सकता है. अत: अब हम मरें या जियें, मांग पूरी होने तक अनशन पर डटे रहेंगे. अनशन में हेमंत पाठक के साथ संघ के अन्य सदस्य व विद्यार्थी शामिल हैं.




