ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश के अनजॉ जिले के हयुलियांग इलाके में एक ट्रक 1000 फीट गहरी खाई में गिर गया. इस हादसे में चालक समेत 21 की मौत हो गई. यह घटना 8 दिसंबर का है. इसकी जानकारी गुरुवार को मिली. हादसे में एक व्यक्ति जीवित बचा था, जो दो दिन तक पैदल चलकर किसी तरह आर्मी कैंप तक पहुंचा. इसके बाद गुरुवार की सुबह आर्मी के बचाव दल की टीमें मौके पर पहुंची. टीम को घटनास्थल पर पहुंचने में 10 से ज्यादा घंटे लगे. हादसे में घायल व्यक्ति खाई से मुश्किल से बाहर निकला और हयुलियांग-चगलगाम रोड पर पहुंचा. दो दिन तक पैदल चलकर दिसंबर की रात चिपरा जीआरईएफ कैंप तक पहुंचा. (नीचे भी पढ़े)
यहां उसने जवानों को हादसे की जानकारी दी. इसके बाद गुरुवार सुबह आर्मी ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. हादसे वाली जगह चगलगाम से लगभग 12 किलोमीटर आगे पहाड़ी और घने जंगल वाला इलाका है. आर्मी की रेस्क्यू टीमें रस्सी से खाई में उतरीं और करीब 4 घंटें की मशक्कत के बाद ट्रक तक पहुंची. ट्रक खाई में घनी झाड़ियों में फंसा हुआ था, जिससे दूर से नजर नहीं आ रहा था. बचाव टीमों को 18 शव मिल चुके हैं, जिन्हें बेले रोप्स की मदद से ऊपर लाया जा रहा है मौके पर बचाव टीमें, मेडिकल टीमें, जीआरईएफ प्रतिनिधि, स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें मौजूद हैं.




