
जमशेदपुर : यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन और झारखंड प्रदेश बैंक इंप्लॉयज एसोसिएशन के अंतर्गत आने वाले सदस्यों को आज भी फ्रंट लाइन वर्कर के अंतर्गत आने का इंतजार है. साथ ही कोरोना को लेकर विशेष कैंप लगाकर बैंक कर्मियों को वैक्सीन देने की अपील कई जिले के उपायुक्त से की जा चुकी है. जिसका इंतजार बैंक कर्मी आज भी कर रहे हैं,क्योंकि ऑन लाइन वैक्सीन रजिस्ट्रेशन कराना काफी मुश्किल है, यह खुलने के बाद ही फुल हो जाता है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के संयोजक रिंटू रजक और झारखंड प्रदेश बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन (ए आई बी ई ए) के उप महासचिव हीरा अरकने ने उपायुक्त कार्यालय जा कर,उपायुक्त महोदय की अनुपस्थिति में वहां उपस्थित कर्मचारी को बैंक कर्मियों को वैक्सीन लगाने की विशेष व्यवस्था संबंधी अपील पत्र दिया. जिसमें आगामी शनिवार और रविवार को वैक्सीन कैंप लगाने का आग्रह किया गया है. इस संबंध में जिले के सिविल सर्जन को भी स्पेशल वैक्सीनेशन कैंप लगाने संबंधी मांग की जायेगी.


