
जमशेदपुर : देश की सबसे बड़ी यूनियन राष्ट्रीय इंटक की कार्यकारिणी की वर्चुअल मीटिंग राष्ट्रीय इंटक के अध्यक्ष पूर्व सांसद डॉक्टर जी संजीवा रेड्डी की अध्यक्षता में हुई. सर्वप्रथम पिछले कार्यकारिणी बैठक से इस बैठक के बीच में इंटक के और देश के महान विभूतियों और श्रमिक वर्ग के लोगो की मृत्यु पर मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इसमें मुख्य रूप से पूर्व मंत्री मजदूर नेता ओपी लाल सहित कई अन्य महान विभूतियां भी शामिल है. इसके उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पिछले मीटिंग की कार्यवाही को पढ़कर सुनाया जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया. तदोपरांत सभी लोगों ने अपने अपने विचार व्यक्त किए और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर यह निर्णय लिया गया कि केंद्र सरकार से इस कोरोना महामारी के दौरान जिस किसी भी मजदूर की मृत्यु हुई है, उसके आश्रित को एक नौकरी प्रदान की जानी चाहिए. इसके साथ-साथ कोरोना की वजह से जो भी उद्योग बंद हो चुके हैं और अगर वह छोटा भी है और कर्मचारियों को पैसे देने की स्थिति में नहीं है तो वहां ऐसी स्थिति में सरकार को वैसे कंपनी के कर्मचारियों को उनका वेतन जारी रखना चाहिए. कुल मिलाकर कोरोना की वजह से जो भी परेशानियां हैं, उसमें केंद्र सरकार को मजदूरों का ध्यान रखना चाहिए और उनका वेतन या फिर मृत कर्मचारियों के बदले उनके एक आश्रित को नौकरी दी जानी चाहिए. इसके साथ-साथ डॉक्टर जी संजीवा रेड्डी ने कहा कि कोरोना महामारी की वजह से मजदूर आंदोलन भी प्रभावित हुआ है. कोरोना की वजह से श्रमिक वर्ग आंदोलन नहीं कर पा रहा है, जिसकी वजह से उनकी चुनौती बढ़ रही है और सरकार इसका सीधा-सीधा फायदा उठा रही है. इस मौजूदा समय में सबसे ज्यादा परेशानी मजदूर और किसान पर कोई हो रहा है ऐसी स्थिति में विभिन्न ट्रेड यूनियन संगठनों की आपसी एकता को और मजबूत करने की जरूरत है ताकि आंदोलन को और तेज किया जा सके. इस दौरान झारखंड इंटक के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि इस महामारी के समय ट्रेड यूनियन पूरी मजबूती के साथ काम नहीं कर पा रही है. बावजूद इसके इंटक हर एक जरूरतमंद तक पहुंच कर यथासंभव उनको मदद करने का काम कर रही है. उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से अगले 10 से 15 दिनों के अंदर झारखंड इंटक की कार्यकारिणी बैठक आयोजित करने की बात कही, जिसमें उनसे भी समय देने का आग्रह किया. बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए यूथ इंटक के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और हरियाणा इंटक के पूर्व अध्यक्ष एसके यादव को इंटक का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया. पूर्व कोषाध्यक्ष केके नायर पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे हैं, जिसकी वजह से कोषाध्यक्ष का काम नहीं हो पा रहा था और इसी वजह से नई कोषाध्यक्ष की नियुक्ति की गई. मीटिंग में उपस्थित सभी लोगों ने सर्वसम्मति से इस पर अपनी मुहर लगाई. मीटिंग में मुख्य रूप से झारखंड इंटक के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, रघुनाथ पांडेय, संजीव श्रीवास्तव, विजय खां, विनोद राय, मनोज सिंह, परविंदर सिंह सहित इंटक के राष्ट्रीय महामंत्री संजय सिंह, कार्यालय प्रभारी पीजे राजू, यूथ इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय गावा सहित तमाम राष्ट्रीय पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे.



