भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी घटना को अंजाम दिया. नकाबपोश अपराधियों ने सुल्तानगंज नगर परिषद् कार्यालय में पहुंच कर सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू और कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार को गोली मार दी. हमले में कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मृत्यु हो गई, जबकि सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू की हालत गंभीर बताई गई है. अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है, हालांकि वहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर परिषद् कार्यालय में नकाब लगाकर पहुंचे तीन अपराधी कार्यालय कक्ष में घुस आये एवं वहां दनादन फायरिंग शुरू कर दी. अपराध को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए सभी वहां से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि वारदात में कुल पांच अपराधी शामिल थे,जिनमें से तीन कार्यालय के अंदर घुसे थे, जबकि दो अन्य बाहर ही खड़े रह कर आने-जानेवालों की निगरानी कर रहे थे. नगर परिषद् कार्यालय में गोलीबारी की सूचना पाकर वरीय पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे एवं मामले की छानबीन शुरू कर दी.पुलिस ने सुल्तानगंज नगर परिषद् कार्यालय को सील कर दिया है, जहां किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. (नीचे भी पढ़ें)
यहां आ रही खबरों के अनुसार सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू को पांच गोलियां लगी हैं. बताया जा रहा है कि नगर परिषद कार्यालय में आठ राउंड फायरिंग हुई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से शूटर एवं उसके अन्य साथियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. बताया जा रहा है कि मंगलवार को नगर परिषद् कार्यालय में सैरात की डाक (टेंडर) की प्रक्रिया चल रही थी, इसी दौरान वहां पहुंचे अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलीबारी के बाद कार्यालय में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने कृष्ण भूषण कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि नगर परिषद् के चेयरमैन राजकुमार उर्फ गुड्डू का अस्पताल में इलाज चल रहा है.



