अनिल कुमार/बोकारो : बोकारो स्थित डॉ राधाकृष्णन सहोदया स्कूल की ओर से गुरुवार को डीपीएस बोकारो की मेजबानी में दो-दिवसीय अंतर विद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता शुरू हुई. रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ एवं पूरे जोशोखरोश भरे वातावरण में डीपीएस बोकारो के समुन्नत बास्केटबॉल कोर्ट में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्लोबल एक्टिव पार्टनर सिटी के लीड ऑफिसर सह अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रशिक्षक जयदीप सरकार ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया. उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद गुब्बारे उड़ाकर एवं बॉल बास्केट में डालकर प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत की. (नीचे भी पढ़ें)

खेल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि खेलों में दुनिया बदलने की ताकत है. खेल-भावना अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा देती है. उन्होंने सहोदया स्कूल, बोकारो डीपीएस तथा इस्पात नगरी बोकारो को अनूठा बताते हुए बच्चों को भी कुछ अनूठा और खास करने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि स्कूल भविष्य के चैम्पियनों के निर्माता हैं और बच्चे खेल के माध्यम से बोकारो, देश और पूरे विश्व को रोशन कर सकते हैं. उन्होंने ग्लोबल एक्टिव पार्टनर सिटी प्रोग्राम के तहत खेल-संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में हो रहे प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में बोकारो में एक नई क्रांति आई है और निश्चय ही आनेवाले दिनों में इस शहर से नए-नए आयाम जुड़ेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

आरंभ में डीपीएस बोकारो के प्राचार्य सह सहोदया के अध्यक्ष डॉ एएस गंगवार ने प्रतिभागी टीमों को खेल-भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सहोदया के उपाध्यक्ष सह जीजीपीएस बोकारो के प्राचार्य सौमेन चक्रवर्ती एवं महासचिव सह एआरएस पब्लिक स्कूल के प्राचार्य विश्वजीत पात्रा सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि, रेफरी और निर्णायकगण उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतियोगिता अंडर-14 और अंडर-19 आयुवर्ग के लिए बालक व बालिका वर्ग की चार अलग-अलग कैटेगरी में हो रही है. इसमें सहोदया से जुड़े 10 विभिन्न स्कूलों के लगभग 400 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं. प्रतियोगिता के उद्घाटन मैच में अंडर-19 डीपीएस बोकारो ने श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल को बालिका वर्ग तथा श्री अयप्पा पब्लिक स्कूल ने जीजीपीएस चास के बालक वर्ग में पराजित किया. प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 17 मैच खेले गए, जिनमें डीपीएस बोकारो की टीम अंडर-19 बालिका वर्ग के फाइनल में पहुंचीं.











