बोकारो : बोकारो जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा अपने सांगठनिक कुनबे को बढ़ाना चाह रहा है। इसी को लेकर लगातार पार्टी के नेता मिलन समारोह का आयोजन कर नये-नये लोगों को पार्टी में जोड़ने की कवायद में जुटे हैं। शनिवार को एक बार फिर चास के मारवाड़ी धर्मशाला में झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें महिला नेत्री और मुखिया भी शामिल रहे। झामुमो जिलाध्यक्ष हीरालाल मांझी ने कहा कि जेएमएम सुप्रीमो और युवा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर आस्था व्यक्त करते हुए लोग पार्टी में जुड़ने का काम कर रहे हैं। लोग पार्टी में जुड़कर पार्टी को मजबूत करने का भी काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से प्रदेश में युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कार्य हो रहा है, ऐसे में लोग पार्टी के ऊपर आस्था भी व्यक्त कर रहे हैं।











