
जमशेदपुर : कोल्हान के सिखों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के चुनाव का ऐलान सोमवार को कर दिया गया. बुधवार को चुनाव कराया जायेगा. चुनाव संचालन समिति ने चुनाव की तारीख का ऐलान किया. सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक चुनाव में वोटिंग होगी. चुनाव में सीतारामडेरा और टिनप्लेट गुरुद्वारा को लेकर विवाद था, जिसको चुनाव से बाहर कर दिया गया है. वहीं, सोनारी के 10 वोट में से 2 वोट वहां के विरोधी गुट बलबीर सिंह गुट के होने के कारण प्रधान तारा सिंह गिल मान गये. इस कारण सोनारी गुरुद्वारा का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ दिया गया है. कोल्हान के 34 गुरुद्वारा के साथ सेंट्रल स्त्री सत्संग सभा, अकाली दल, सेंट्रल नौजवान सभा के कुल 201 मतदान इसमें अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. एसडीओ को चुनावी प्रक्रिया की जानकारी दी गयी है. चुनावी मैदान में प्रधान के पद पर भगवान सिंह, महेंद्र सिंह बोझा और हरमिंदर सिंह मिंदी चुनाव मैदान में है. टिनप्लेट वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट परविंदर सिंह सोहल को मुख्य चुनाव अधिकारी बनाया गया है. इस चुनाव में हरविंदर सिंह मंटू भी चुनाव मैदान में थे, जिनकी दावेदारी को खारिज कर दिया गया था. दूसरी ओर, देर शाम सीजीपीसी के चुनाव में खड़े मिंदी और महेंद्र सिंह मंत्री बन्ना गुप्ता से सर्किट हाउस में मिले. इन लोगों के साथ डीसी भी थी. उनसे कहा गया कि चुनाव संचालन समिति भगवान सिंह के पक्ष में काम कर रहे है, जिस कारण उनको 15 दिन का समय दिला दिया जाये. वैसे उनको समय नहीं दिलाया गया. बस यह आश्वासन दिया गया कि उनकी बातों को गौर किया जायेगा. वैसे यह भी कह दिया गया कि चुनाव संचालन समिति ही चुनाव करायेगी, इसमें प्रशासन कुछ नहीं करेगा.




