
चाईबासा : झारखंड सरकार बाजार शुल्क लगने की तैयारी कर रही है, जिसका विरोध करते हुए चाईबासा चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने इस कर को जन विरोधी, व्यवसाय विरोधी व कृषि विरोधी बताया है. साथ ही चैंबर ने मुख्यमंत्री के नाम का एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा. ज्ञापन में कहा गया है कि बाजार शुल्क पड़ोसी राज्यों यानी बिहार, पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा कहीं भी लागू नही है. विदित हो पूर्ववर्ती सरकार ने वर्ष 2015 में इस शुल्क को अनुचित मानते हुए बाजार शुल्क को समाप्त कर दिए था। उक्त कर को निरस्त अथवा इस पर पुनर्विचार करने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम ज्ञापन उपायुक्त अरवा राजकमल को चैंबर की ओर से सौंपा गया है। ज्ञापन में इस कर के अधिरोपित होने से आने वाली परेशानियों को बिंदुवार दर्शाते हुए चैम्बर ने इस कार के अधिरोपण से पूर्व गहन विचार करने का आग्रह किया है। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष मनोज कुमार अग्रवाल एवं सचिव संजय चौबे शामिल थे।

















