
जमशेदपुर : लॉकडाउन के दौरान स्कूलों की फीस को लेकर अभिभावकों में अब भी ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है. राज्य के शिक्षा मंत्री स्कूलों द्वारा फीस के लिए अभिभावकों पर दबाव नहीं बनाये जाने की बात कहते हैं, वहीं स्कूल अभिभाकों को चेतावनी भरा नोटिस जारी कर निर्धारित तिथि तक फीस जमा करने की बात कह रहे हैं. नोटिस के माध्यम से अभिभावकों को कहा जा रहा है कि फीस जमा नहीं करने की स्थिति में बच्चों के भविष्य के साथ समझौता करना पड़ सकता है. दूसरी ओर स्कूलों की ओर से स्पष्ट रूप से कहा जा रहा है कि राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं हुआ है. इस वैश्विक महामारी के दौरान व लॉकडाउन की अवधि में भी शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों को पढ़ाया गया. कुछ ऐसा ही हवाला देते हुए बिष्टुपुर स्थित श्रीकृष्णा पब्लिक स्कूल ने अभिभावकों से निर्धारित तिथि तक फीस जमा करने को कहा है. फीस जमा करने के लिए स्कूल की ओर से 20 जून तक की तिथि निर्धारित की गयी है.

क्या है नोटिस का मजमून
नोटिस में स्कूल की प्रधानाध्यापिका की ओर से कहा गया है कि लॉकडाउन के दौरान जहां पूरी दुनिया, कल कारखाने कार्यालय, ऑफिस सब बंद पड़े रहे, वहीं सभी कठिनाइयों के बीच शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों को पढ़ाने का कार्य किया गया. इसमें अभिभावकों का पूरा सहयोग मिला. लेकिन बच्चों की स्कूल फीस को लेकर एक गलतफहमी बनी हुई है, जिससे यह बात सामने आयी है कि अभिभावकों से तीन महीने की फीस न ली जाये, जबकि सरकार की ओर से इस प्रकार की कोई लिखित सूचना स्कूल को प्राप्त नहीं हुई है. अत: अभिभावक मई तक की स्कूल की फीस 20 जून 2020 तक अवश्य जमा करवा दें. अगर भविष्य में कोई निर्देश सरकार से प्राप्त होता है तो उसका अवश्य पालन होगा. साथ ही यह भी उम्मीद जतायी गयी है कि अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य से समझौता न करते हुए जल्द ही फीस जमा करवा देंगे.


















