
चाईबासा : मनोहरपुर थाना क्षेत्र के टिमरा पुलिस पिकेट को वर्ष 2013 में विस्फोटक लगा कर उड़ाने एवं पिकेट को लूटने के आरोपी प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सदस्य अशोक बाहंदा उर्फ बोकेया बाहंदा को चाईबासा पुलिस ने गिरफ्तार किया। इस संबंध में प्रेस को जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक इन्द्रजीत माहथा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि भाकपा माओवादी सदस्य अशोक बाहंदा मनोहरपुर क्षेत्र में आया हुआ है।
इसके बाद मनोहरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन कर गुरुवार को गिरफ्तार किया गया। आशोक ने सुरुगुईया जंगल में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के 40-50 सदस्यों के साथ टिमरा पिकेट को लूटने की योजना बनायी थी। वहीं पिकेट को मदद पहुंचाने के लिए आने वाले पुलिस बल को नुकसान पहुंचाने के लिए जेड मोड़ पर लगभग 40 किलो ग्राम का केन बम लगाया गया था। गिरफ्तारी के बाद माओवादी अशोक ने इस कांड में शामिल होने की बात को कबूल कर लिया है।
पिकेट को लूटने में माओवादी विष्णु चेरवा के साथ इस घटना में शामिल हुआ था। लेकिन उसमें वह सफल नहीं हो पाया था। इसके बाद से पुलिस ने लगातार इसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया और जब जानकारी मिली कि अशोक क्षेत्र में पहुंचा है तो पुलिस ने उसे धर दबोचा।
छापामारी दल में पुलिस पदाधिकारी खुर्शीद आलम, प्रदीप मिंज, आमीर आलम खान, सोमेश्वर कुमार सिंह, दिनबंधु कुमार, आनंद कुमार समेत छोटानागरा एवं चिड़िया ओपी के जवान शामिल थे।







