रामगोपाल जेना/चाईबासा : चाईबासा प्रखंड के उलीझारी गांव में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अब सुचारू रूप से चलेगा. क्षेत्र के विधायक दीपक बिरुआ की पहल पर निर्माण कार्य से संबंधित बकाया मजदूरी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा किये जा रहे इसके विरोध का समाधान किया गया. बकाया रखने वाली एजेंसी सिम्पलेक्स को हटाते हुए री टेंडर प्रक्रिया के जरिये केएमवी प्राइवेट लिमिटेड को निर्माण कार्य पूरा करने की जिम्मेवारी सौंपी गई. (नीचे भी पढ़ें)
इस बाबत गुरुवार को विधायक दीपक बिरुआ, पुलिस प्रशासन, स्थानीय ग्रामीणों एवं वर्तमान कार्यकारी एजेंसी की संयुक्त बैठक आयोजित हुई. इसमें सर्वसम्मति से वर्तमान कार्यकारी एजेंसी केएमवी प्राइवेट लिमिटेड ने बकाया मजदूरी भुगतान करना स्वीकार किया, वहीं मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की बात भी कही गई. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक दीपक बिरुआ ने मेडिकल कॉलेज भवन का गुणवत्ता पूर्वक निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने इस काम में स्थानीय ग्रामीणों को भी रोजगार देने की हिदायत दी. बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी शशींद्र बड़ाइक, सदर एसडीपीओ दिलीप खलखो, जिला बीस सूत्री कार्यान्वयन समिति सदस्य सुभाष बनर्जी, मुफस्सिल थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक समेत स्थानीय ग्रामीण मुंडा व ग्रामीण भी उपस्थित थे.



