
चाईबासा : जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती में गये पुलिस पदाधिकारी परि पुअनि रविन्द्र पाण्डेय एवं सशस्त्र बल के शिलुराम हेम्ब्रम, नीलांचल अंजन टोपनो एवं सिकंदर तियु ने ग्राम-गितिलिपी मोड़ के पास एक बोलेरो (0D 28 4766) बड़बिल तरफ से आते हुए देखा, जिसे रोकने का इशारा किया परन्तु बोलेरो के चालक गाड़ी को काफी तेजी से चलाकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों द्वारा उक्त बोलेरो गाड़ी का पीछाकर टाटा कॉलेज मोड़ के पास पकड़ लिया गया। गाड़ी की तलाशी लेने पर स्पंज आयरन से भरी हुई कुल 27 बोरियां बरामद हुई।

बोरियों में भरे स्पंज आयरन का वजन लगभग 1080 किलो बताया जाता है। इसके अलावा चालक के पास से एक काला रंग का सैमसंग मोबाइल, एक वन विभाग का लाल हरा रंग का बोर्ड, जिस पर ON GOVT DUTY FOREST लिखा हुआ, एक आधार कार्ड, ड्राईविंग लाईसेंस एवं नगद 2470 रुपये बरामद किया गया है। इस संबंध में मुफ्फसिल थान में एक मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार बोलेरो चालक का नाम विभूति भूषण देहुरी (35) पिता ऋषिकेश देहुरी ग्राम-खिल्लई, थाना कुंधिगोला जिला-देवगढ़ (ओड़िशा) बताया जाता है.














