
चाईबासा : विधायक दीपक बिरुवा से मिलकर दो व्यावसायिक संगठनों ने अनलॉक-1 की अवधि में व्यवसायियों को रियायत दिलाने का आग्रह किया। चाईबासा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने विधायक श्री बिरुवा से वस्त्र एवं फुटवेयर विक्रेताओं व्यवसायियों को दुकान खोलने की अनुमति दिलाने में सहयोग का आग्रह किया। चैंबर ने कहा कि वस्त्र व्यवसायी कोविड-19 के तय मानकों का अनुपालन करेंगे। वहीं ट्रायल रूम और वस्त्र से ग्राहकों का स्पर्श भी प्रतिबंध होगा। चैंबर प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष नीतिन प्रकाश, सचिव संजय चौबे आदि शामिल थे।

वहीं दूसरी ओर पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने अनलॉक-1 में सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान ( कपड़ा, मनिहारी एवं जूता दुकान ) खोलने की अनुमति दिलाने की मांग विधायक दीपक बिरुवा से की है। श्री बिरुवा ने चेंबर प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उक्त मांग को राज्य सरकार के समक्ष रखेंगे। ताकि इन प्रतिष्ठानों को भी खोलने की सशर्त अनुमति मिल सके। चैंबर ने विधायक को बताया कि अनलॉक-1 के तहत काफी व्यवसायिक गतिविधियां शुरू करने का आदेश दिया गया। लेकिन कपड़ा, मनिहारी और जूता दुकान खोलने का आदेश नहीं मिला है। इससे व्यवसायी परेशान हैं, वहीं आर्थिक संकट के साथ मानसिक तनाव से भी जूझ रहे हैं। चैंबर ने विधायक दीपक बिरुवा से राज्य सरकार से प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति दिलाने का अनुरोध किया। चैंबर के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष निरंजन गोयल, सचिव कुणाल सर्राफ, अमित अग्रवाल, ओम केडिया, संजू अग्रवाल, विशाल अग्रवाल व शैलेश सुल्तानिया शामिल थे।







