
चक्रधरपुर : प्रखंड में बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत पंचायत स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें प्रखंड एडवाइजरी कमेटी के माध्यम से लाभुकों को प्रशिक्षण दिया गया। चक्रधरपुर प्रखंड अंतर्गत पंचायत केनके और नालिता में बागवानी मित्र और लाभुकों को प्रखंड एडवाइजरी कमेटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी चक्रधरपुर बीओ, बीटीएम, रोजगार सेवक, पंचायत सेवक संबंधित पंचायत के मुखिया, बागवानी मित्र लाभुक तथा ग्रामीण प्रमुख रूप से उपस्थित थे। शिविर में प्रखंड एडवाइजरी कमेटी के माध्यम से सभी लाभुकों को बागवानी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई और बागवानी के महत्व के बारे में उन्हें समझाया गया तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निष्पादन भी किया गया। तत्पश्चात उन्हें बागवानी भूमि में ले जाकर भौतिक रूप से कैसे गड्ढों को खोदना है तथा गड्ढों को भरते समय किन बातों का ध्यान रखना है, मिट्टी का स्तर किस प्रकार से भरना है, दीमकनाशक का प्रयोग कितना करना है, कौन सा उर्वरक का प्रयोग करना है तथा घेराव कैसे करना है उस संबंध में विस्तृत जानकारी दी गयी। लाभुकों को पूर्व से आम बागवानी कर रहे एक लाभुक का आम बागवानी को भी दिखाया गया तथा भौतिक रूप से उन्हें बागवानी के लाभ के बारे में बताया गया।







