
चाकुलिया : कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने लॉकडाउन की घोषणा की है. लॉकडाउन होने से वाहनों का परिचालन बंद है. लॉकडाउन की अवधि बढ़ने के कारण रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों में गये मजदूरों के समक्ष आर्थिक समस्या उत्पन्न होने लगी है. इससे विवश होकर मजदूर किसी तरह अपने गांव लौट रहे हैं. मजदूरों की घर वापसी को लेकर ग्रामीणों में कोरोना को लेकर दहशत है. बीती रात मजदूरों का एक दल महाराष्ट्र से ट्रक पर सवार होकर गांव पहुंचा है. महाराष्ट्र से प्रखंड के रूपुषकुंडी गांव में 13 और बड़ानाटा गांव में 15 मजदूर पहुंचे हैं. रात में गांव पहुंचे मजदूरों को ग्रामीणों ने घर में प्रवेश करने नहीं दिया है. दोनों ही गांव के मजदूरों को ग्रामीणों द्वारा गांव के विद्यालय में रखा गया है. ग्रामीणों ने कहा कि बाहर से पहुंचे मजदूरों की स्वास्थ्य विभाग जांच करे और क्वारंटाइन की अवधि पूरी होने के बाद ही उन्हें गांव में प्रवेश करने दिया जाएगा. इस संबंध में बीडीओ लेखराज नाग ने कहा कि बाहर से पहुंचे मजदूरों का स्वाब सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा. सभी मजदूरों को विद्यालय में क्वारंटाइन किया जाएगा.






