चाकुलिया: चाकुलिया नगर पंचायत के भविष्य को चुनने के लिए सोमवार को मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी 18 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ. इस चुनाव में कुल 72.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो क्षेत्र के विकास के प्रति लोगों की जागरूकता को दर्शाता है.(नीचे भी पढ़े)

उत्साहपूर्ण और शांतिपूर्ण मतदान: सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर हलचल शुरू हो गई थी. इस बार मतदान केंद्रों की संख्या में वृद्धि होने के कारण कहीं भी बहुत ज्यादा लंबी कतारें या अव्यवस्था देखने को नहीं मिली, जिससे मतदाताओं को सहूलियत हुई. हालांकि, वार्ड नंबर एक के कमारीगोड़ा उत्क्रमित मध्य विद्यालय और वार्ड संख्या दो के नापोपाड़ा स्थित बूथों पर मतदाताओं की खासी भीड़ देखी गई. विशेषकर महिलाओं में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर भारी उत्साह नजर आया.(नीचे भी पढ़े)

प्रशासन की रही पैनी नजर: सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, घाटशिला एसडीओ सुनील चंद्र, एसडीपीओ अजीत कुमार कुजूर और बीडीओ आरती मुंडा सहित कई आला अधिकारियों ने विभिन्न बूथों का जायजा लिया. पूरे क्षेत्र में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
अब नतीजों का इंतजार: इस चुनाव के साथ ही अध्यक्ष पद के 4 और 9 वार्डों के 36 वार्ड सदस्य उम्मीदवारों की किस्मत अब मतपेटियों में बंद हो गई है. मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के घेरे में जमशेदपुर ले जाया गया है, जहां मतगणना के बाद हार-जीत का फैसला होगा.













