
जमशेदपुर :
कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या और संसाधनों की कमी को देखते हुए, स्वस्थ एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश पर होटलों को अब पेड क्वारेंटीन सेंटर बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है. इसको लेकर जमशेदपुर जिला प्रशासन ने आज शहर के होटल एसोसिएशन के साथ बैठक की. इस बैठक में सभी होटल प्रबंधन को साफ निर्देश दिया गया है कि वे अपने होटलों में कोविड-19 के मानकों के आधार पर तैयारी शुरू कर दें. जिला प्रशासन ने होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर कई जरूरी अहम दिशा- निर्देश दिया. इसके तहत शहर एवं आसपास के इलाकों के होटलों को तीन कैटेगरी में रखा गया है. जनरल केटेगरी, डीलक्स केटेगरी और प्रीमियम केटेगरी के रूप में शहर के लगभग दो दर्जन होटलों का चयन किया गया है. वहीं बैठक में जनरल कैटेगरी के होटलों के लिए 600 से लेकर 800, डीलक्स केटेगरी के लिए 1000 से लेकर 12 सौ रुपए और प्रीमियम केटेगरी के होटलों के लिए 15 सौ से लेकर 18 सौ रुपए दर तय किए गए हैं. साथ ही सभी होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया है की पेड क्वारेंटीन सेंटर रहने तक होटल में क्वॉरेंटाइन किए गए लोगों को शराब एवं धूम्रपान से वर्जित रखना है. सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्ड को सुरक्षित रखना है. वहीं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करानी है. होटल में हर हाल में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराना है. इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी. वहीं परिवार का कोई भी सदस्य क्वॉरेंटाइन किए गए लोगों से मिलने नहीं आ सकता है. सभी होटलों में दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति एडीएम लॉ एंड ऑर्डर के दिशा निर्देश पर किया जाएगा. वहीं एसएसपी होटलों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की कमान संभालेंगे. साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम एवं घाटशिला होटलों में रखे गए क्वॉरेंटाइनों की जानकारी संबंधित थाना को देंगे. वहीं बैठक में यह भी बताया गया कि पेड क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखे गए मरीजों का 5 दिन के बाद जांच किया जाएगा. रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उन्हें तत्काल डिस्चार्ज कर होम क्वेंटिन में भेजा जाएगा.
आइए जानते हैं शहर के किन-किन होटलों को पेड क्वॉरेंटाइन सेंटर बनाया गया है
साकची के होटल गोल्डन प्लेस, वेदास विला, गोल्डन इन, साईं रेसिडेंसी, गुलमोहर, एंगल गेस्ट हाउस, दयाल इंटरनेशनल, स्पाइस एंड स्पर्म, बुलेवर्ड, पॉल कंफर्ट और एलएन इंटरनेशनल. इसके अलावा स्टेशन के ऑल सीजंस, कैलाश रेजीडेंसी (नॉन एसी), स्टेशन रोड के ग्रीन पार्क, डिमना के हिल पॉइंट, बिष्टुपुर के जिंजर और रामाडा, बाराद्वारी के राहुल इन, श्री पैलेस, सोनारी के सेवंथ हेवन और काशीडीह के स्काईलॉन. इन सभी होटलों संचालकों को जिला प्रशासन के साथ होटल एसोसिएशन की बैठक के बाद पेड क्वॉरेंटाइन सेंटर के रूप में चिन्हित किया गया है जो अगले आदेश तक कोविड-19 में कार्य करेंगे.






