
Chakuliya : पश्चिम बंगाल सीमा से सटे चाकुलिया प्रखंड की चालुनिया पंचायत के सुदूरवर्ती गांव केंदाडांगरी गांव में इस वर्ष भी नेताजी यूथ स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में मां काली की पूजा भव्य पंडाल निर्माण करने की तैयारी की गयी है. केंदाडांगरी गांव में मां काली की पूजा को लेकर क्षेत्र में चर्चा जोरों पर है. पूजा देखने के लिए प्रखंड के विभिन्न गांव से ग्रामीणों के भीड़ उमड़ती है. कमेटी के मुख्य संरक्षक सरोज महापात्रा ने बताया कि पूजा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. इस वर्ष मां की प्रतिमा, पंडाल और लाइटिंग लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र होगा. 26 अक्टूबर को पंडाल का उद्घाटन मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक लक्ष्मण टुडू व पद्मश्री जमुना टुडू संयुक्त रूप से करेंगे. पंडाल उद्घाटन समारोह में प्रखंड के 300 ग्राम प्रधानों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया जाएगा. श्री महापात्रा ने बताया कि प्रतिमा का निर्माण ताड़ के पत्ते से पश्चिम बंगाल स्थित दीघा के कारीगर और पंडाल का निर्माण कांथी के कारीगरों द्वारा किया जा रहा है.

बांस की चटाई से और ताड़ पत्ता से प्रतिमा का निर्माण : क्लब द्वारा निर्मित भव्य पंडाल का निर्माण बांस की चटाई से कराया जा रहा है. संरक्षक सरोज महापात्रा ने कहा कि इस वर्ष दो पंडाल का निर्माण किया जा रहा है. एक पंडाल में बांस की चटाई, टोकरी और सूप से किया जा रहा है, जिसमें कई छोटे-बड़े देवी देवताओं की कलाकृति होगी. वहीं पहले पंडाल में कला आकृति देखते हुए श्रद्धालु दूसरे पंडाल में प्रवेश करेंगे जहां ताड़ पत्ते से निर्मित मां की प्रतिमा का दर्शन होगा. पंडाल निर्माण में 500 टोकरी और सूप का उपयोग किया गया है. इसके अलावा भव्य विधुत सज्जा भी लोगों को आकर्षित करेगी. पूजा की तैयारी मे कमेटी के सपन दास, देवदत्त माइती, सुजित माइती, छोटू माइती, राजीव महापात्रा, कमल महापात्रा, असित महापात्रा, नंद माइती, सुखेन माइती, पिंटु महापात्रा, कुणाल महापात्रा, खगेन माइती समेत अन्य जुटे हुए हैं.



