बेंगलुरु : भारत का चंद्रयान 3 अपने तय समय पर बड़ी आसानी से चांद पर लैंड कर गया. इसके साथ ही भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड करनेवाला पहला देश बन गया है. चंद्रयान 3 की चांद पर लैंडिंग का देशवासियों के साथ ही पूरे विश्व ने लाइव प्रसारण देखा और चंद्रयान 3 के कदम चांद पर पड़ते ही बेंगलुरु स्थित मॉक्स परिसर वैज्ञानिकों एवं वहां उपस्थित अन्य लोगों की तालियों से गूंज उठा और इसके साथ ही पूरे देशवासियों में भी खुशियों की लहर दौड़ गई. (नीचे भी पढ़ें)
अफ्रीका दौरे पर गये प्रधानमंत्री ने वहां से ही चंद्रयान 3 की सॉफ्ट लैंडिंग देखी एवं लैंडिंग के बाद चंद्रयान 3 मिशन से जुड़े वैज्ञानिकों एवं पूरे देशवासियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि हम सुनते आये हैं चंदा मामा दूर के, लेकिन अब हम कह सकेंगे चंदामामा पास के. उन्होंने देश के इस वैज्ञानिकों की इस सफलता को देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आजादी के अमृत काल में यह बहुत बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि आज के इस दिन को देश हमेशा-हमेशा याद करता रहेगा, यह दिन हमें अपने संकल्पों की सिद्धि का रास्ता दिखायेगा.




