सरायकेला : झारखंड सरकार के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग सह परिवहन मंत्री चम्पई सोरेन ने बुधवार को गूगल मीट के जरिये सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के विकास एवं नागरिक सुविधा को उत्कृष्ट करने हेतु पूर्व में घोषित 15 योजनाओं के कार्य प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिए. मंत्री ने सरायकेला नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को जुडको लिमिटेड रांची के साथ आपसी तालमेल स्थापित करते हुए यथाशीघ्र डीपीआर बनाने का निर्देश दिया. इस दौरान मंत्री द्वारा निर्देश दिया गया कि जुडको लिमिटेड रांची, अंचल अधिकारी सरायकेला, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत एवं अन्य सम्बन्धित पदाधिकारी आगामी दिनांक 25 एवं 26 अगस्त को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर विस्तृत विश्लेषण तथा चर्चा कर डीपीआर निर्माण के लिए परामर्शी का चयन कर कार्य प्रारंभ करें.
मंत्री ने सरायकेला के प्राचीन दुर्गा मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों को संरक्षित एवं विकसित करने, हेतु प्रस्ताव तैयार करने, तितिरबिला से नदी किनारे होते हुए मरीन ड्राईव के तर्ज पर सड़क निमार्ण करने, पार्क को विकसित करने, ओपन जिम खोलने, कुदरसाही के डीयर पार्क को विकसित करने सहित अन्य विकास कार्यो का डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
मुख्य योजनाएं इस प्रकार है- खरकई नदी के किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण, डेली मार्केट में बहुमंजिली मंडी हाउस का निर्माण, बाजार में मल्टी परिसर का निर्माण, माजना घाट में पार्क का निर्माण, कुदरसाई शिव मंदिर में पार्क का पुनर्निर्माण, पब्लिक दुर्गा मंदिर का सौंदर्यीकरण दीवानसाइ में मैरेज हॉल का निर्माण, खरकाई नदी में माजना घाट के पास बियर का निर्माण किया जाना है. बैठक में मुख्य रूप से जुडको के परियोजना निदेशक, कार्यपालक अभियंता स्वर्णरेखा परियोजना, खरकई नहर प्रमंडल, आदित्यपुर अंचल अधिकारी सरायकेला, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य एवं जुडको के डीपीएम उपस्थित रहे.





