रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर : चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र के विकास को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव एवं उपाध्यक्ष विजय साव ने रांची में नगर विकास विभाग के सचिव सुनील कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान नगर परिषद क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं तथा भविष्य की महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.बैठक में नगर परिषद क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ. सचिव को सौंपे गए मांग पत्र में शहर के विकास से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं को प्रमुखता से रखा गया.अध्यक्ष सन्नी उरांव ने बताया कि लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से चक्रधरपुर में एक आधुनिक बस पड़ाव का निर्माण कराया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और शहर की यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.(नीचे भी पढ़े)
इसके अलावा पुराने नगर परिषद कार्यालय के स्थान पर आधुनिक मिनी मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया है. इसके निर्माण से स्थानीय व्यवसायियों को बेहतर व्यापारिक सुविधाएं मिलेंगी तथा नगर परिषद की आय में भी वृद्धि होगी.बैठक के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, शहरी विकास योजनाओं, सड़क, नाली, पेयजल एवं जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई.नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि नगर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें. उन्होंने बताया कि जल्द ही नगर विकास विभाग के मंत्री से भी मुलाकात कर नगर के विकास से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर एक विस्तृत मांग पत्र सौंपा जाएगा.उपाध्यक्ष विजय साव ने भी कहा कि नगर परिषद क्षेत्र के विकास के लिए सभी स्तरों पर प्रयास जारी हैं और आने वाले दिनों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर दिखाई देंगी.







