
चाकुलिया : कोरोना संक्रमण के कारण सरकार ने लॉक डाउन की घोषणा की थी. लॉक डाउन के दरम्यान सभी दुकानें मिल्क फैक्ट्री और वाहनों का परिचालन बंद था. विगत दिनों सरकार ने अनलॉक वन की घोषणा की. अनलॉक वन में जरूरत की दुकाने खुल गई, परंतु कपड़ा और जूते-चप्पल की दुकाने बंद रहीं. विगत दिनों जिला मुख्यालय जमशेदपुर में कपड़ा और जूता की दुकाने खुल गई. वहां दुकानों को खुलता देख चाकुलिया में भी कपड़ा और जूता दुकानदारों ने शुक्रवार को अपनी दुकाने खोल दी, परंतु शनिवार स्थानीय प्रशासन द्वारा सुबह में माइकिंग कर कपड़ा और जूता दुकानदारों को अपनी दुकान अगले आदेश तक बंद रखने को कहा गया. शनिवार को उक्त दुकानें नहीं खुली. इससे दुकानदारों में रोष है. दुकानदारों ने कहा कि जिला मुख्यालय जमशेदपुर में दुकानें खुल रही हैं तो फिर प्रशासन यहां की दुकानों को क्यों बंद करा रहा है. दुकानदारों ने कहा है कि लॉकडाउन के समय से दुकानें बंद हैं. इस कारण उन्हें काफी नुकसान हो रहा है. दुकान बंद करके उसका किराया देना पड़ रहा है. कई दुकानदारों को तो लोन की किस्त जमा करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दुकानदारों की आर्थिक स्थिति चरमराने लगी है. अत: सरकार व प्रशासन दुकानदारों की परेशानियों को समझे और दुकान खोलने की अनुमति प्रदान करे.







