
बंगलुरू/जमशेदपुर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री 80 वर्षीय ऑस्कर फर्नांडीस का सोमवार को निधन हो गया. ऑस्कर फर्नांडीस ने मंगलुरु के निजी अस्पताल में अंतिम सांसें ली. ऑस्कर फर्नांडीस लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे और कुछ हफ्तों से उन्हें मंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया था. योग करते समय उन्हें चोट लगी थी. फर्नांडीज़ को गिरने की वजह से मस्तिष्क में अंदरूनी चोटें आयी थी और अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा था. इसके बाद उनकी तबीयत खराब हो गई थी. इसके बाद से वे ऊबर नहीं पाए. ऑस्कर फर्नांडीस केंद्र की यूपीए सरकार के दौरान परिवहन, सड़क और राजमार्ग और श्रम एवं रोज़गार मंत्री रह चुके थे. इसके अलावा वो यूपीए-1 के दौरान श्रम एवं रोज़गार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी रह चुके थे. फिलहाल वो कर्नाटक से राज्यसभा के सांसद थे. वे यूपीए के कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री बनने के बाद जमशेदपुर भी आए थे. वर्ष 2007 में केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडीस को टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से आयोजित माइकल जॉन अवार्ड दिया गया था जबकि माइकल जॉन लेक्चर भी उन्होंने दिया था. ऑस्कर फर्नांडीस के साथ उस वक्त उनकी पत्नी भी थी. इस अवार्ड समारोह में टाटा स्टील के तत्कालीन एमडी बी मुथुरमण मुख्य अतिथि थे जबकि टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय और महामंत्री एसएन सिंह थे. वे यहां आने के दौरान कई लोगों से मिले थे. सहृदय व्यक्तित्व के धनी ऑस्कर फर्नांडीस का माउथ ऑर्गन बजाना आज भी यूनियन के लोगों को याद है, जो उन्होंने जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन सभागार में बजाया था. इसके अलावा वे उसी साल एक्सएलआरआइ में भी गये थे और एचआर कांक्लेव को संबोधित किया था. ऑस्कर फर्नांडीस ने वहां अपने लेक्चर के साथ ही माउथ आर्गन बजाकर सबको मोहित कर दिया था.















