
चक्रधरपुर : सीआरपीएफ 60 बटालियन, द्वारा कोविड-19 महामारी के दौरान बटालियन के कमांडेंट आनन्द कुमार जेराई के नेतृत्व में पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ एवं गोईलकेरा थाना अंतर्गत दूर-दराज इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों के बीच सिविक एक्शन कार्यक्रम आयोजन कर राहत सामग्री का वितरण किया गया. इसमें ग्रामीणों को चावल, दाल, चना, तेल, आलू, प्याज के साथ ही साफ-सफाई के लिए साबुन एवं मास्क उपलब्ध कराया गया. इसी क्रम में वार्षिक सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत सोनुआ एवं गोईलकेरा थाना अंतर्गत नरसंडा व मतकमसई गांव के ग्रामीणों के बीच खाद्य सामग्री के साथ ही जीवन यापन के लिए सामग्री जैसे अनेक प्रकार के पौधों के बीज, साड़ी, धोती, गमछा, खाना बनाने के लिए बर्तन, बच्चों के लिए खेल सामग्री एवं स्कूल बैग का वितरण किया गया.
इस प्रोग्राम में कमांडेंट आनन्द कुमार जेराई, द्वितीय कमान अधिकारी राजू डी नायक, सहायक पुलिस अधीक्षक प्रणव आनन्द झा, अनुमंडल पदाधिकारी नाथू सिंह मीणा, सहायक कमांडेंट कौशल यादव, पंकज राय, गोइलकेरा प्रखंड विकास पदाधिकारी सुधीर प्रकाश समेत अधीनस्थ अधिकारी, जवान एवं ग्रामीण शामिल हुए. इस कोरोना महामारी पर सभी अधिकारी, जवानों एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कमांडेंट आनन्द कुमार जेराई ने धैर्य के साथ कोरोना महामारी से लड़ने के लिए शारीरिक दूरी एवं हाथ की स्वच्छता लगातार बनाकर रखने तथा एकजुट होकर महामारी के खिलाफ प्रयासरत रहने और सामाजिक सौहार्द, भाईचारा बनाये रखने के लिये आम जनता से अपील की. साथ ही यह संदेश भी दिया कि सीआरपीएफ किसी भी प्रकार की सहायता के लिए सदा तत्पर रहेगा.ो






